₹4000 करोड़ की ‘रामायण’ के लिए मेकर्स का मास्टरप्लान, रिलीज से पहले 400 से ज्यादा स्कूलों में शुरू होगा विशेष अभियान
रणबीर कपूर स्टारर मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर मेकर्स ने रिलीज से पहले बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है। करीब ₹4000 करोड़ के बजट में बन रही इस फिल्म को लेकर देशभर में एक विशेष स्कूल कैंपेन शुरू किया गया है
एंटरटेनमेंट डेस्क: रणबीर कपूर स्टारर मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर मेकर्स ने रिलीज से पहले बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है। करीब ₹4000 करोड़ के बजट में बन रही इस फिल्म को लेकर देशभर में एक विशेष स्कूल कैंपेन शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को रामायण की विरासत, मूल्यों और संस्कृति से जोड़ना है।
400 से ज्यादा स्कूलों तक पहुंचेगा अभियान
9 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत देश के 18 शहरों के 400 से अधिक स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के जरिए 5 लाख से ज्यादा छात्रों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान में बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता, क्विज, रचनात्मक गतिविधियां और इंटरैक्टिव डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से छात्रों को अपने परिवार के साथ रामायण की कथा, उसके आदर्शों और सांस्कृतिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।
नई पीढ़ी को ‘रामायण’ से जोड़ने की पहल
“हमारा सत्य, हमारा इतिहास” थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति और रामायण की विरासत से जोड़ना है। मेकर्स का मानना है कि यह पहल फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
रिलीज से पहले जोरदार प्रमोशन
निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और अभिनेता रणबीर कपूर फिल्म को एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि मेकर्स इस फिल्म के जरिए वैसा ही सांस्कृतिक प्रभाव पैदा करना चाहते हैं, जैसा कभी रामानंद सागर की रामायण ने दर्शकों पर छोड़ा था।
18 जुलाई को रिलीज हो सकता है ट्रेलर
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का पहला ट्रेलर 18 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज, ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया जा रहा है।
फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में रिलीज होगा।
dhananjaykumarroy